बिलासपुर:कम कीमत में लग्जरी गाड़ियां दिलाने का झांसा देकर महाठगी,रिश्तेदार ने ऐंठे ₹25 लाख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम घुरू निवासी एक युवक से कम कीमत में कार, बाइक और इलेक्ट्रानिक सामान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम घुरू में रहने वाले प्रतीक कुमार सोनी मुंगेली स्थित निजी संस्थान में मैनेजर हैं। उसकी जान-पहचान मुंगेली निवासी लक्ष्य सोनी से थी। रिश्तेदारी होने के कारण दोनों के बीच विश्वास का संबंध था। आरोपी ने एक कंपनी के माध्यम से कम कीमत में कार, बाइक और इलेक्ट्रानिक सामान उपलब्ध कराने की बात कही।

आरोपित ने 24 लाख रुपये की कार को 12.22 लाख रुपये में दिलाने का झांसा दिया। तब प्रतीक ने अगस्त 2024 के दौरान अलग-अलग तिथियों में आरोपित के बैंक खाते और यूपीआइ आइडी में कुल 12.22 लाख रुपये ट्रांसफर किए। काफी समय तक घुमाने के बाद आरोपित ने नवंबर 2024 में एमजी हेक्टर वाहन दिया, लेकिन बाद में पता चला कि वाहन फायनेंस पर लिया गया है।

इसी तरह आरोपित ने थार वाहन, जिसकी कीमत 18 लाख रुपये से अधिक बताई गई, उसे 7.60 लाख रुपये में दिलाने की बात कही। इसके लिए भी शिकायतकर्ता ने रकम जमा की, लेकिन न वाहन मिला और न ही रकम वापस की गई। इसके अलावा स्विफ्ट कार को भी कम कीमत में दिलाने का झांसा देकर 6.11 लाख रुपये लिए गए। बाद में यह वाहन भी फायनेंस पर निकला।

आरोपित ने ऐंठे ₹25 लाख

आरोप है कि आरोपित ने तीनों गाड़ियों के नाम पर कुल 25.93 लाख रुपये लिए, जबकि वास्तविक भुगतान केवल 9.50 लाख रुपये ही किया गया। बाकि के 16.43 लाख रुपये वापस नहीं किए जा रहे हैं। रकम मांगने पर आरोपित लगातार टालमटोल कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें