कोरबा में चलते ट्रेलर में लगी भीषण आग, केबिन जलकर खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर बरमपुर मोड़ के पास बुधवार रात एक चलती ट्रेलर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया।

जेकेटी कंपनी की 18 चक्का खाली ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 पीए 3348 कोरबा से कुसमुंडा की ओर जा रही थी। बुधवार की रात बरमपुर मोड़ के पास ट्रेलर के केबिन से अचानक चिंगारी निकलने लगी। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोका और सुरक्षित बाहर निकल गया।

लोग बनाते रहे वीडियो

घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी को दी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग को भी अवगत कराया गया। इस बीच आग की लपटें केबिन से बढ़कर ट्रेलर के टायरों तक पहुंचने लगी थी। मार्ग से गुजर रहे लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। कुछ देर बाद एसईसीएल कुसमुंडा की दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक

दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोक दिया और स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। आगजनी में ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

हालांकि समय पर दमकल पहुंचने से ट्रेलर के अन्य हिस्सों, टायरों और सामान को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शार्ट- सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें