Betul Crime News: बैतूल, नवदुनिया प्रतिनिधि। जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में मासोद पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक के अवैध शराब विक्रेता से गठजोड़ और धमकाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बुलेट पर सादी वर्दी में सवार प्रधान आरक्षक गंभीर सिंह बताए जा रहे हैं। वे मासोद गांव में एक मकान के सामने पहुंचकर दो लोगों को धमकी देते नजर आ रहे हैं। प्रधान आरक्षक कह रहे हैं कि मेरी बदौलत दारू बेच रहा है, लगता है कि तूझे दारू का पैसा पच नहीं रहा है। मैं चाह लूंगा, तो तू एक बूंद दारू नहीं बेच पाएगा। जब युवक इसका विरोध करता है तो प्रधान आरक्षक सहकर्मी को यह कह रहे हैं कि साहब को कॉल करो और इसे चौकी लेकर चलो। जिस युवक पर शराब बेचने का आरोप लगाया जा रहा है, वह डायल-100 को बुलाकर घर की तलाशी लेने के लिए भी कहता है, लेकिन प्रधान आरक्षक उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर देते हैं।
इतना ही नहीं, वह मकान के सामने मोबाइल लेकर खड़े एक अन्य युवक के हाथ से यह कहकर मोबाइल छीन लेते हैं कि वीडियो क्यों बना रहा है। इस मामले में मुलताई एसडीओपी नम्रता सोंधिया ने बताया कि आज ही वीडियो उनके संज्ञान में आया है। यह मई माह का बताया जा रहा है और अवैध शराब बेचने की शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर प्रधान आरक्षक को खराब आचरण के कारण पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने निलंबित कर दिया है।








