कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या ने सनसनी फैला दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे चबूतरे पर सो रहे एक हमाल की कथित तौर पर डंडे से सिर पर 30 से 35 वार कर हत्या कर दी गई। घटना का कथित वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मृतक और उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों के बीच समझौता करा दिया था और मामला शांत हो गया था।
इसके बाद दोपहर में राजेश महाराज चबूतरे पर सो गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ 30 से 35 वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण राजेश महाराज की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी एम.बी. पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक और आरोपी दोनों के नशे के आदी होने तथा खानाबदोश जीवन जीने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही सामने आए कथित वीडियो की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई करने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है।







