बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में देर रात चोरी की बड़ी कोशिश का मामला सामने आया है। बदमाशों ने बैंक की दीवार तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। बैंक परिसर में लगे एटीएम में भी तोड़फोड़ की गई, ताकि उसमें रखी नकदी तक पहुंचा जा सके। वारदात के दौरान बदमाशों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से भी छेड़छाड़ की, जिससे उनकी पहचान न हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ बैंक पहुंचे थे। उन्होंने पहले बैंक की दीवार में सेंधमारी कर अंदर प्रवेश का रास्ता बनाने की कोशिश की। इसके बाद बैंक परिसर में स्थापित एटीएम को भी नुकसान पहुंचाया।
बदमाशों को बैंक से कुछ भी नहीं मिला सका है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। बैंक के डीवीआर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकार्डिंग भी खंगाल रही है। बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। डीवीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच जारी है। चारों की जल्द पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीसीटीवी सिस्टम को बनाया पहला निशाना
बदमाशों ने वारदात के दौरान सबसे पहले बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से छेड़छाड़ की। रात करीब एक बजे उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया था। माना जा रहा है कि उनका उद्देश्य अपनी पहचान छिपाना था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डीवीआर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है या उसमें कुछ फुटेज सुरक्षित बची हुई है। इसके अलावा बैंक के आसपास लगे निजी संस्थान और सड़कों के कैमरों की रिकार्डिंग भी खंगाली जा रही है। घटनास्थल तक आने और वहां से भागने के दौरान चोरों की गतिविधियां दूसरे कैमरों में कैद हो सकती हैं। इसी आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना मिलते ही एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने बैंक परिसर, टूटी दीवार, एटीएम और अन्य स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट, औजारों के निशान और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और उन्होंने किस प्रकार के औजारों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।







